पवन दुर्गम, बीजापुर - गीता सोम पुजारी को आज बीजापुर नगरपालिका के लिए अध्यक्ष पद के लिए प्रत्याशी बनाया है। गीता इतिहास विषय से स्नातकोत्तर (M. A) पास युवा महिला हैं। वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व बीजापुर सरपंच, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष सुखपाल पुजारी और श्रीमती भाग्यवती पुजारी की पुत्रवधू हैं। अनुसूचित जाति वर्ग ( हल्बा) से आती हैं। बीजापुर नगरपालिका के कई वार्डों में हल्बा वोटर्स की बहुलता है। सामाजिक नजरिये से गीता पुजारी को टिकट देकर आगामी विधानसभा की तस्वीर को भी साधने का प्रयास भाजपा संगठन ने किया है।
सुखपाल पुजारी और भाग्यवती पुजारी की पुत्रवधू होने से उनका चुनावी अनुभव और हल्बा वर्ग से होने का फायदा भाजपा को मिल सकता है। हल्बा वोटर्स का झुकाव भाजपा के पक्ष में ज़्यादा रहा है जिसको अपने साथ रखने का यह प्रयास हो सकता है।
बीजापुर नगरीय क्षेत्र में विधानसभा और लोकसभा के चुनावों में भाजपा का प्रदर्शन बेहतर रहा है। बीजापुर नगर के अंदर जहाँ कांग्रेसी पार्षद और अध्यक्ष से नाराजगी की वजह से कांग्रेस का वोट प्रतिशत घटा था वहीं भाजपा ने अंदरखाने कांग्रेस के नाराजगी को अपने पक्ष में बदलने में सफल रही थी। भाजपा के पक्ष में जो माहौल एक साल पहले था क्या वही माहौल आज है या इसमें कुछ बदलाव हुआ है ये मतदान के करीब आते आते स्पष्ट होगा।
भाजपा प्रत्याशी के लिए सबसे बड़ी चुनौती सामाजिक समीकरणों को साधना होगा। हल्बा वर्ग के अलावा कई वर्ग हैं जहाँ कांग्रेस की मजबूत पकड़ है। क्या उन वर्गों में भाजपा सेंध मार पाती है या हल्बा वर्ग के वोट में कांग्रेस सेंध मारने में कामियाब रहेगी यह देखना होगा।
भाजपा ने जहाँ युवा महिला प्रत्याशी को मौका दिया है। वहीं अब कांग्रेस पर भी टक्कर के प्रत्याशी देने का दबाव होगा। अब तक कांग्रेस ने अपना प्रत्याशी घोषित नहीं किया है।
