पवन दुर्गम, बीजापुर- भाजपा नेता जी वेंकट ने बीजापुर नगरपालिका में भाजपा के पक्ष में आए परिणाम को विकास पर मुहर बताते जनता का आभार जताया है। बस्तर सहित बीजापुर पालिका चुनावों में भाजपा की बंपर जीत हुई है। भाजपा के नेता इसे छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के डेढ़ साल के विकास की जीत करार दे रहे हैं। भाजपा के कद्दावर नेता जी वेंकट ने बताया की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के जनकल्याणकारी योजनाओं और कार्यों पर जानता ने भरोसा जताया है। जनता के विश्वास पर नगर सरकार खरा उतरेगी। अब बीजापुर नगर की तरक्की के लिए काम होगा। स्वच्छ और साफ़ सुथरा बीजापुर हम जनता को देंगे।
जी वेंकट ने बताया कि एक पायलट प्रोजेक्ट बनाकर नगर में स्थित महादेव तालाब का सौंदर्यीकरण और चौपाटी बनवायेंगे।वर्तमान में तालाब सौंदर्यीकरण कार्य में गड़बड़ी और गुणवत्ताहीनता की खबरें आ रही हैं जिनको दुरुस्त किया जाएगा।
बीजापुर नगर पालिका के 15 वार्डों में 13 पर भाजपा ने कब्जा जमाया है। कांग्रेस महज़ दो सीटों को बचाने में सफल रही। पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष बेनहूर रावतिया वार्ड क्रमांक 04 और बबीता झाड़ी वार्ड क्रमांक 10 से अपनी सीट बचा सके।
